मोहाली , अप्रैल 01 -- पंजाब के मोहाली के साथ लगते खरड़ के स्वराज नगर क्षेत्र में एक परिवार द्वारा आटा चक्की पर पिसाई के लिए लाए गये गेहूं में संदिग्ध मांस मिलने से हंगामा हो गया।
जानकारी के अनुसार, जब चक्की संचालक ने गेहूं को पीसने के लिए मशीन में डाला, तो उसमें से एक लिफाफा निकला। लिफाफा खोलने पर उसमें से तेज बदबू आने लगी।
इस घटना की खबर फैलते ही आसपास के दुकानदार और लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने आशंका जताई कि लिफाफे में गौमांस हो सकता है, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और हंगामा शुरू हो गया।
सूचना मिलते ही गौसेवक संगठन के सदस्य मौके पर पहुंचे। वहीं, शिव सेना हिंदुस्तान के प्रधान निशान शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस और गौसेवकों द्वारा जब गेहूं लाने वाले परिवार से पूछताछ की गई, तो संबंधित महिला ने बताया कि वे लाइसेंस के तहत भैंस का मांस मंगवाते हैं। हालांकि, इस बयान के बाद भी संदेह बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित