मोहाली / खरड , मई 07 -- पंजाब के मोहाली के खरड़ स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में गुरुवार को केंद्रीय एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से एक फ्लैट में दबिश दी गई। छापेमारी के दौरान नौवीं मंजिल से कैश से भरा एक बैग नीचे फेंके जाने का मामला सामने आया। टीम ने मौके से बैग लेकर भाग रहे ड्राइवर को पकड़ लिया और उसके कब्जे से करीब 21 लाख रुपये नकद बरामद किए। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अधिकारी इस संबंध में खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, एजेंसी के पहुंचने से पहले फ्लैट नंबर 906 से एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कैश से भरा बैग नीचे फेंक दिया। नीचे मौजूद उसका ड्राइवर सफेद रंग की कार में बैग लेकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे काबू कर लिया।

घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही डीएसपी खरड़ ईशांत सिंगला के निर्देश पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पंजाब पुलिस की टीम ने थाना प्रभारी अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में जांच शुरू की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित