खरगोन , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश के खरगोन में कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 70 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ के अलावा ड्रग्स परिवहन में इस्तेमाल कार और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा जब्त किया है। कुल जब्त माल की कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि 25 अगस्त को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की कार में तीन व्यक्ति एमडी ड्रग्स लेकर कसरावद की ओर से खरगोन होते हुए महाराष्ट्र जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम जामली में खाटू श्याम मंदिर के पास भुसावल-चित्तौड़गढ़ बायपास मार्ग पर घेराबंदी की।

कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार के डैशबोर्ड में दो पारदर्शी प्लास्टिक पन्नियों में सफेद पदार्थ मिला। जांच में यह एमडी ड्रग्स पाया गया। एक पन्नी में 53 ग्राम और दूसरी में 17 ग्राम, कुल 70 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी जब्त किया।

पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब सात लाख रुपये है, जबकि ड्रग्स के परिवहन में इस्तेमाल मारुति फ्रोंक्स कार की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल जब्त माल की कीमत करीब 14 लाख रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनवीर पठान (27), निवासी अमन नगर खरगोन, शाहनवाज उर्फ शानू (24), निवासी खंडवा एवं वर्तमान निवासी खरगोन तथा आसिफ खान (28), निवासी आजाद नगर इंदौर के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जा रहा है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में मादक पदार्थ की सप्लाई और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस ने बताया कि आरोपी उक्त ड्रग्स नीमच से महाराष्ट्र ले जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी तनवीर के खिलाफ पूर्व में नौ अपराध दर्ज हैं और वह गुंडा सूची में भी रह चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में जिला बदर की कार्रवाई भी की गई थी। शाहनवाज के खिलाफ भी पूर्व में दो मामले दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित