खरगोन , अक्टूबर 22 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में मेनगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में धार जिले के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 देशी पिस्टल, पांच अतिरिक्त मैगजीन, एक कार और पांच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस हथियारों के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र वर्मा ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की कार में अवैध हथियार ले जाए जा रहे हैं। कार पर 'सांवरिया सेठ' लिखा था और हथियार खंडवा की ओर से धार जिले के गंधवानी ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद मेनगांव और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कसरावद रोड स्थित लूला बाबा फाटे के यात्री प्रतीक्षालय के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रोका। तलाशी के दौरान कार में रखी सफेद प्लास्टिक की थैली से 14 देशी पिस्टल और पांच अतिरिक्त मैगजीन बरामद हुईं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित गेहलोद (24), निवासी अवलीपुरा, गंधवानी, हर्ष राठौर (24), निवासी जामली, गंधवानी तथा प्रितेश मौर्य (24) और शिवराम मौर्य (26), निवासी धनखेड़ी, मनावर, जिला धार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, जब्त हथियारों और मैगजीन की कीमत लगभग 3.55 लाख रुपये, कार की सात लाख रुपये और पांच मोबाइल फोन की कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है।

चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से विस्तृत पूछताछ के लिए पुलिस को रिमांड मिला है। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार आरोपी शिवराज छाबड़ा, निवासी बारिया, गंधवानी के खिलाफ नागदा (उज्जैन) और गंधवानी (धार) थानों में दो प्रकरण दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित