खरगोन , मार्च 28 -- मध्यप्रदेश के खरगोन शहर में नवग्रह मंदिर तिराहे पर शुक्रवार को हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक फल व्यवसायी के दोनों पैर के पंजे काटने पड़े।

पुलिस सूत्रों के अनुसार तेज गति से आ रहे एक ट्राले ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी सवार दो लोगों को ट्राला कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान ट्राले का पहिया एक व्यक्ति के पैरों के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसका एक पंजा मौके पर ही कटकर अलग हो गया और दूसरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में एक घायल को इंदौर रेफर किया गया। उसकी पहचान टवड़ी क्षेत्र निवासी फल व्यवसायी प्रकाश वर्मा के रूप में हुई है। दूसरे घायल दीपक वर्मा का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

डॉक्टरों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद प्रकाश वर्मा को इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को ऑपरेशन कर दोनों पैरों के पंजे काटने पड़े। चिकित्सकों ने बताया कि एक पंजा पूरी तरह अलग हो चुका था और दूसरा भी बुरी तरह कुचल गया था, जिसे बचाना संभव नहीं था। पुलिस ने ट्राले को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित