खरगोन , अप्रैल 02 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में बायो-कॉटन व्यापारी के घर फायरिंग और 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस गैंग से जुड़े एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उज्जैन जिले के नागदा क्षेत्र से आरोपी राजपाल को पकड़ा है।
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि मामले की जांच के दौरान खरगोन पुलिस की टीमें उज्जैन के नागदा और गुजरात के विभिन्न स्थानों पर लगातार कार्रवाई कर रही थीं। दबाव के चलते आरोपी राजपाल ने गुरुवार को सरेंडर किया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में उसका संबंध कुख्यात लॉरेंस गैंग से सामने आया है।
उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में पूर्व में तीन आरोपियों अमित बड़गोलिया, लोकेंद्र पवार और सचिन पाटीदार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। इसके अलावा करीब 10 संदिग्धों से पूछताछ जारी है, जिनमें फायरिंग की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी भी शामिल बताए गए हैं।
यह घटना 16 मार्च को कसरावद थाना क्षेत्र के भील गांव में हुई थी, जब अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी दिलीप सिंह राठौर के घर फायरिंग की थी। इसके बाद आरोपियों ने वीडियो भेजकर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
इधर, पीड़ित व्यापारी दिलीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया है कि मामले के मुख्य साजिशकर्ता के खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि एक स्थानीय व्यक्ति, जिससे उनकी पुरानी रंजिश है, इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य सूत्रधार है। उन्होंने इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष को भी ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित