खरगोन , फरवरी 19 -- मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपए मूल्य के अवैध गांजे के पौधे जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने आज दोपहर पत्रकारों को बताया कि चौकी हेलापडावा, थाना चैनपुर क्षेत्र के शेडो एरिया (नो मोबाइल नेटवर्क जोन) के दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 5900 गांजे के पौधे जब्त किए गए। इनका कुल वजन लगभग 2979 किलो 840 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 49 लाख रुपए आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि 18 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सेन्द्रीयाघाटी गुवाडा और ग्राम तिखली बैडी पीडी जामली में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर गठित पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
ग्राम सेन्द्रीयाघाटी गुवाडा में जुवानसिंह के खेत से 5500 गांजे के पौधे जब्त किए गए, जिनका वजन 2811 किलो और अनुमानित कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपए है। वहीं ग्राम तिखली बैडी पीडी जामली में मांगीलाल के खेत से 400 पौधे बरामद किए गए, जिनका वजन 168 किलो 840 ग्राम और कीमत करीब 8.49 लाख रुपए बताई गई है।
दोनों मामलों में थाना चैनपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रकरण में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित