नयी दिल्ली , अक्टूबर 17 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम हुई भगदड़ की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए हादसे की गहन जांच की मांग की।

श्री खरगे ने अपने शोक संदेश में कहा कि इस हादसे में कई लोगों की जान गई है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार से तत्काल बचाव एवं चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करने, मृतकों और घायलों के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा देने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हादसे की गहन जांच कराने की मांग की।

श्री खरगे ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।

श्री गांधी ने कहा कि कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर बेहद दुःखद है। इस हादसे में कई लोगों की जान जाने और बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की सूचना है।

उन्होंने प्रशासन से सभी घायलों को तत्काल बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और हादसे की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो। श्री गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से राहत कार्यों में हर संभव मदद करने का आग्रह भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित