नयी दिल्ली , अक्टूबर 07 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक यात्री बस के भूस्खलन की चपेट में आने से कई लोगों के मारे जाने की खबर पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।श्री खरगे ने कहा , "यह अत्यंत दर्दनाक बस हादसा है जिसमें कई लोगों की मृत्यु की ख़बर है। यह बेहद पीड़ादायक तथा दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार राहत बचाव का काम युद्ध स्तर पर कर रही है। मुख्यमंत्री व्यक्तिगत तौर पर राहत और बचाव कार्य को देख रहे हैं और सरकार पीड़ितों की हर संभव मदद कर रही है। शोकाकुल परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। हम उनके साथ खड़े हैं।"श्रीमती वाड्रा ने कहा , " यात्री बस के भूस्खलन की चपेट में आने की वजह से बड़ी संख्या में यात्रियों की मृत्यु एवं कई अन्य के घायल होने का अत्यंत दुखद समाचार है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य की कांग्रेस सरकार हर तरह से पीड़ितों के साथ है, हर संभव मदद एवं राहत के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित