नयी दिल्ली , अक्टूबर 20 -- कांग्रेस अध्यक्ष तथा राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने विजयादशमी के अवसर पर आज देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
श्री खरगे ने अपने संदेश में कहा कि विजयादशमी का पर्व सत्य की असत्य पर, न्याय की अन्याय पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है। यह पर्व लोगों को अहंकार, द्वेष और भेदभाव से ऊपर उठने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि देशभर में विभिन्न परंपराओं के साथ मनाया जाने वाला यह त्योहार भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता में एकता की भावना को दर्शाता है। सत्य, न्याय और धर्म की विजय का यह पर्व आपसी भाईचारे, पारस्परिक सम्मान और सद्भाव को मजबूत करने के साथ सभी के लिए अधिक न्यायपूर्ण, समावेशी और समृद्ध भविष्य के निर्माण की प्रेरणा देता है।
श्रीमती वाड्रा ने कहा कि न्याय, सत्य और धर्म की विजय तथा अन्याय, असत्य और अधर्म की पराजय के प्रतीक पर्व विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने भगवान राम से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करने की प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित