चंडीगढ़ , अगस्त 14 -- हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद 'शुद्धीकरण' की घटना के खिलाफ चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लकी की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी भवन के सामने धरना-प्रदर्शन किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने हिस्सा लेकर घटना के खिलाफ कड़ा रोष जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में महात्मा गांधी, डॉ. बीआर अंबेडकर और श्री खरगे की तस्वीरें लेकर सामाजिक समानता, संविधान और दलित सम्मान के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस के अनुसार, आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा हुई थी। इसके दो दिन बाद कुछ संगठनों की ओर से वहां 'शुद्धीकरण' कार्यक्रम आयोजित कर गंगाजल का छिड़काव किया गया था।
श्री लकी ने धरने में कहा कि किसी जाति के आधार पर सार्वजनिक स्थान को 'अपवित्र' मानना छुआछूत और भेदभाव की मानसिकता दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि इंसानों को जाति के आधार पर कमतर आंकने वाली सोच के खिलाफ लड़ रही है। संविधान में सभी को समान अधिकार मिले हैं और समाज में भेदभाव के लिए कोई जगह नहीं है।
उन्होंने मांग की कि हल्द्वानी की घटना की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराकर 'शुद्धीकरण' कार्यक्रम में शामिल लोगों की पहचान की जाये और उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाये। उन्होंने जोर देकर कहा कि दोषियों को किसी भी राजनीतिक या सामाजिक पहचान के आधार पर संरक्षण नहीं मिलना चाहिए और पूरे मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगी जानी चाहिए।
श्री लकी ने कहा कि यह लड़ाई केवल श्री खरगे के सम्मान की नहीं, बल्कि संविधान से मिले समानता के अधिकार और पूरे दलित समाज के स्वाभिमान की लड़ाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो चंडीगढ़ कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
धरने में शामिल अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि संविधान, सामाजिक समानता और न्याय के मूल्यों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित