नैनीताल , अगस्त 08 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली से पहले कांग्रेस नेताओं ने शनिवार को पुष्कर सिंह धामी सरकार पर पार्टी की रैली को विफल करने की साजिश का आरोप लगाया है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अगुवाई में प्रतिपक्ष के नेता यशपाल आर्य और पूर्व अध्यक्ष करण मेहरा दल बल के साथ हल्द्वानी में पुलिस अधीक्षक (एसपी) यातायात जगदीश चंद्रा से मिले और रैली में आ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अनावश्यक रूप से रोकने का आरोप लगाया।

इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष और प्रतिपक्ष के नेता ने पत्रकारों से बतियाते हुए आरोप लगाया कि मुुख्यमंत्री धामी के इशारे पर यह साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकांश जगह बेरिकेट्स लगा कर वाहनों और कार्यकर्ताओं को रोका जा रहा है।

श्री गोदियाल ने कहा कि श्री आर्य को जब यह जानकारी मिली तो उन्होंने एसएसपी डा0 मंजूनाथ टीसी से बात की लेकिन वह मुकर गये। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सरकार की एजेंट के तौर पर काम कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में यह गलत है और पुलिस ऐसे अधिकारियों को चिन्हित करेगी और उन्हें किसी भी हालात में माफ नहीं किया जायेगा। इसी प्रकार प्रतिपक्ष के नेता ने कहा कि सरकार के खिलाफ हवा है और सरकार घबरा गयी और इसी घबराहट में ऐसा कदम उठा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित