नयी दिल्ली , अगस्त 14 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने उत्तराखंड में हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कथित शुद्धिकरण अनुष्ठान को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कृष्णा नगर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित शांति मार्च में कहा कि देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, लेकिन उत्तराखंड में हुई इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के शीर्ष नेताओं की चुप्पी देश की सामाजिक समरसता और समानता के लिए चिंताजनक है।
शांति मार्च से पहले प्रदेश कांग्रेस महासचिव अनिल भारद्वाज द्वारा रखे गये निंदा प्रस्ताव का यादव ने अनुमोदन किया, जिस पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सहमति जतायी।
श्री यादव ने कहा कि शुद्धिकरण जैसा कृत्य किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की गरिमा, समानता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय की संवैधानिक भावना का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की भेदभावपूर्ण मानसिकता दलित समाज की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि संसद में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा जांच की बात करना इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भेदभाव और छुआछूत जैसी कुरीतियों के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित