रायपुर , अगस्त 31 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उत्तराखंड में हुई रैली के बाद कथित रूप से सभास्थल का 'शुद्धिकरण' किए जाने और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए इसे तानाशाही और दलित विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया है।

श्री बैज ने सोमवार को जारी बयान में आरोप लगाया कि खरगे की जनसभा के बाद भाजपा नेताओं द्वारा सभास्थल का कथित 'शुद्धिकरण' कराया जाना न केवल कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान है, बल्कि दलितों और वंचित वर्गों के सम्मान पर भी आघात है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक समानता और संविधान की मूल भावना के विपरीत हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर दलित विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर दलित समाज के वरिष्ठ नेता का अपमान किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इसके खिलाफ आवाज उठाने वाले राहुल गांधी पर एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का प्रयास कर रही है।

री बैज ने सवाल किया कि उत्तराखंड में कथित अपराध और अत्याचार के मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय सरकार उन पर पर्दा डालने का प्रयास क्यों कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब भी शोषित, पीड़ित और दलित वर्ग के अधिकारों की आवाज उठाते हैं, भाजपा उनके खिलाफ मुकदमों और एफआईआर का सहारा लेती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित