नयी दिल्ली , अप्रैल 12 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महान पार्श्व गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

श्री खरगे ने कहा कि आशा भोसले के निधन के साथ पार्श्व गायन का एक युग समाप्त हो गया। उन्होंने उन्हें बहुमुखी प्रतिभा और गरिमा की प्रतीक बताते हुए कहा कि उनकी गायकी को दुनियाभर में सराहा गया।

उन्होंने एक्स पर लिखा, "आशा भोसले के निधन के साथ ही, पार्श्व गायन के एक युग का अंत हो गया है। बेमिसाल बहुमुखी प्रतिभा और गरिमा की प्रतीक, उनकी गायकी की अनूठी शैली को दुनिया भर में लाखों लोगों ने सराहा। 'पद्म विभूषण' से सम्मानित, वह अब तक की सबसे ज़्यादा रिकॉर्ड की गयी कलाकारों में से एक हैं। हिंदी फ़िल्मी गीतों से लेकर दिल को छू लेने वाली ग़ज़लों तक, भजनों से लेकर क़व्वालियों तक, उन्होंने इन सभी को कई भाषाओं में अपनी आवाज़ दी है। उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।"श्री गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, "महान गायिका आशा भोसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनकी आवाज़ के माध्यम से उनकी कला सदा हमारे बीच अमर रहेगी। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल प्रियजनों और प्रशंसकों के साथ है।"उल्लेखनीय है कि दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती भोसले का 92 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया। उन्हें सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने रविवार को आखिरी सांस ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित