सोनीपत , अगस्त 01 -- हरियाणा में खरखोदा थाना क्षेत्र के पाई गांव में एक घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले घर में एयर कंडीशनर लगाने आए दो तकनीशियनों ने पहले घर की रेकी की और बाद में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पाई गांव निवासी साविन के अनुसार पूरा परिवार एक पारिवारिक समारोह में गया हुआ था। वापस लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने के आभूषण और 14,500 रुपये नकद गायब थे।
चोरी हुए सामान में एक सोने का हार, मंगलसूत्र, चेन, दो चूड़ियां, तीन अंगूठियां और दो जोड़ी झुमके शामिल हैं। इन आभूषणों का कुल वजन करीब 13 से 14 तोला बताया गया है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि पांच जुलाई को उन्होंने खरखोदा स्थित दहिया इलेक्ट्रॉनिक्स से गोदरेज का एयर कंडीशनर खरीदा था। कंपनी के दो अधिकृत तकनीशियन रात आठ से 10 बजे के बीच घर पर इंस्टॉलेशन के लिए आए थे। परिवार को संदेह है कि उसी दौरान उन्होंने घर की रेकी की और बाद में चोरी की घटना को अंजाम दिया। शिकायतकर्ता ने दोनों संदिग्धों के मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर दीपक ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध मोबाइल नंबरों और संबंधित इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर के माध्यम से संदिग्धों की पहचान की जा रही है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित