जांजगीर-चांपा , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खपरी में हुए सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड (डबल मर्डर) मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार और चोरी का सामान बरामद किया है।

शुक्रवार को पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह ग्राम खपरी निवासी बुजुर्ग दंपति संतराम साहू और उनकी पत्नी श्यामबाई साहू का शव उनके घर में लहूलुहान हालत में मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में साइबर टीम, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम की मदद से हर पहलू पर जांच की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी चोरी की नीयत से घर में घुसे थे। इसी दौरान बुजुर्ग दंपति के जागने पर आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए थे। अपनी पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने नकली बाल, मास्क और टोपी का इस्तेमाल किया था।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेह होने पर गजेन्द्र दिनकर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए अपने साथियों के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता सुरेन्द्र यादव समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहर ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उनके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार और चोरी का सामान बरामद किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 48 घंटे के भीतर इस जघन्य हत्या कांड का खुलासा हो गया है, जिससे क्षेत्र में व्याप्त दहशत का माहौल कुछ हद तक कम हुआ है। हालांकि इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल भी खड़े किए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित