बिलासपुर , सितंबर 08 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के खपरगंज इलाके में पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया पर कथित टिप्पणी के बाद हुए हिंसक विवाद के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए ठाकुर रामसिंह गुट से जुड़े पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में दोनों पक्षों के अब तक कुल 29 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस ने सोमवार को सन्नी ध्रुव (18), दुर्गेश पुरी गोस्वामी उर्फ गोगा (19), अभिजित नेताम उर्फ निखिल नेताम (19), करण कश्यप उर्फ बडू (23) और कन्हैया मरावी उर्फ मोटू (19) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी तिफरा क्षेत्र के रहने वाले हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला।
वहीं, घटना के दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी ठाकुर रामसिंह की तलाश जारी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। उसके घर के साथ ही रिश्तेदारों और करीबी दोस्तों के यहां भी तलाश की जा रही है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं।
हिंसा के बाद सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने और लोगों को उकसाने वाली गतिविधियों पर भी पुलिस निगरानी रख रही है। विवाद से संबंधित पोस्ट, पेज, ग्रुप और आईडी पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने दर्जनभर से अधिक ऐसे सोशल मीडिया पेज, ग्रुप और आईडी को ब्लॉक कराया है, जिनसे विवादित या माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री वायरल होने की आशंका थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित