फगवाड़ा , दिसंबर 09 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने मंगलवार को विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर भारतीय किसान अमृतपाल सिंह की तत्काल स्वदेश वापसी की मांग की, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में अनजाने में सीमा पार करने के बाद पाकिस्तान में अपनी सजा पूरी कर ली है।

श्री खन्ना के कार्यालय प्रवक्ता ज्योति कुमार जॉली ने बताया कि पूर्व सांसद ने मामले की जानकारी मिलने के बाद तुरंत कार्रवाई की और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से औपचारिक रूप से अनुरोध किया कि वे अमृतपाल की बिना किसी देरी के रिहाई सुनिश्चित करवायें।

पंजाब निवासी अमृतपाल सिंह जून में सीमा के पास खेतों में काम करते हुए गलती से पाकिस्तानी क्षेत्र में प्रवेश कर गया था। श्री खन्ना ने पहले भी यह मामला मंत्रालय के समक्ष उठाया था जब अमृतपाल सिंह को पाकिस्तानी अधिकारियों ने तीन महीने तक हिरासत में रखा था। अब जब उनकी सजा पूरी हो चुकी है। श्री खन्ना ने केंद्र से आग्रह किया है कि उनकी सुरक्षित भारत वापसी और उनके परिवार से पुनर्मिलन सुनिश्चित करने के लिए राजनयिक प्रयासों में तेजी लाई जाए।

श्री खन्ना ने ज़ोर देकर कहा कि ऐसे मामलों में सरकार को मानवीय दृष्टिकोण से प्रयास करने चाहिए और दोहराया कि अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमाएँ पार करने वाले नागरिकों को तत्काल सहायता मिलनी चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विदेश मंत्रालय अमृतपाल सिंह की घर वापसी के लिए जल्द से जल्द हस्तक्षेप करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित