जयपुर, 13 जनवरी (वार्ता) राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भरतपुर में अवैध खनन को वैध दर्शाकर राजस्व हानि पहुंचाने के मामले में खनिज विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, क्रेशर मालिक एवं ठेकेदारों के विरुद्ध मामला दर्ज किया हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एसीबी को खनिज विभाग भरतपुर के खनिज अभियंता कर्मचारी एवं क्रैशर मालिकों और रॉयल्टी ठेकेदारों द्वारा बंद पडी खदानों के रवन्नों का दुरूपयोग कर अवैध खनन कराये जाने की शिकायतें मिली थी। एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी भरतपुर इकाई की ओर से प्राथमिक जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया ।
जांच में पाया गया की आरोपी रामनिवास मंगल तत्कालीन खनिज अभियंता भरतपुर हाल खनिज अभियंता कोटा, वीरेन्द्र कुमार खनिज कार्यदेशक-द्वितीय, राजेन्द्र सिंह तत्कालीन खनिज अभियंता, संजू सिंह तत्कालीन सर्वेयर, भीम सिंह तत्कालीन कार्यदेशक- प्रथम, लीज मालिक अभिषेक तंवर, क्रेशर मालिक जेपी एण्ड ब्रॉस, पारस इन्फ्रा, सीडीएस इन्फ्रा. बालाजी एण्ड कम्पनी, शुभ लाभ स्टोन क्रेसर, रॉयल्टी ठेकेदार मैसर्स देव दशरथ एवं अन्य ने मिलकर लाखों टन खनिज सम्पदा का अवैध खनन कर रवन्नों का दुरुपयोग कर वैध खनन दिखाकर अपने पद का दुरुपयोग कर उपरोक्त खनिज विभाग के कर्मचारियों, अधिकारियों, क्रैशर मालिकों एवं रॉयल्टी ठेकेदारों द्वारा सरकार को राजस्व हानि पहुंचाने का अपराध प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाया गया हैं।
मामले में रिपोर्ट प्राप्त होने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम जांच जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित