नयी दिल्ली , मई 26 -- दुनिया भर में खनिज और ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं में एकाधिकार को तोड़ने के उद्देश्य से चार देशों के संगठन क्वाड के सदस्यों भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका ने 20 अरब डॉलर के निवेश से ' क्वाड महत्वपूर्ण खनिज पहल फ्रेमवर्क' की घोषणा की है।

क्वाड देशों ने महत्वपूर्ण खनिज पहल फ्रेमवर्क का निर्णय खनिज आपूर्ति श्रृंखला के क्षेत्र में विशेष रूप से चीन की मनमानी को देखते हुए लिया गया है।

क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की मंगलवार को यहां हुई बैठक में इस पहल की घोषणा की गयी।

बैठक के बाद जारी वक्तव्य में कहा गया है कि सदस्य देश महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत बनाने का इरादा रखते हैं। ये आपूर्ति श्रृंखलाएं उन्नत प्रौद्योगिकियों, आर्थिक विकास और औद्योगिक आधारों की मजबूती के लिए अनिवार्य हैं। इस फ्रेमवर्क के जरिये ये देश आर्थिक नीति के साधनों और समन्वित निवेश का उपयोग करके, विविध और निष्पक्ष 'महत्वपूर्ण खनिज' बाजारों के विकास में तेजी लाने के लिए मिलकर काम करने का इरादा रखते हैं। साथ ही ये देश क्षेत्र के आर्थिक विकास और सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण 'क्रिटिकल मिनरल्स' की आपूर्ति को मजबूत बनायेंगे।

इस फ्रेमवर्क में 'महत्वपूर्ण खनिज' की आपूर्ति श्रृंखलाओं के संबंध में क्वाड साझेदारों के बीच सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों को निर्धारित करने के साथ- साथ प्रत्येक साझेदार की घरेलू नीतियों और प्राथमिकताओं का उचित ध्यान रखा गया है।

फ्रेमवर्क के अनुसार क्वाड साझेदार देश 'महत्वपूर्ण खनिज' की आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने के लिए, खनन, प्रसंस्करण और रीसाइक्लिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में, नए और मौजूदा प्रयासों के माध्यम से सरकारी और निजी क्षेत्र से लगभग 20 अरब डॉलर तक का निवेश जुटाने का इरादा रखते हैं।

इसके लिए उन परियोजनाओं की पहचान की जायेगी जिनका क्वाड से सीधा जुड़ाव हो जैसे कि वे परियोजनाएं जो क्वाड साझेदार देशों में स्थित हों, क्वाड साझेदार देशों में मुख्यालय वाली कंपनियों द्वारा संचालित हों, या क्वाड बाजारों को आपूर्ति करती हों और जो 'क्रिटिकल मिनरल' आपूर्ति श्रृंखला में मौजूद कमियों को दूर करती हों।

इसमें रणनीतिक 'क्रिटिकल मिनरल' परियोजनाओं का समर्थन करना भी शामिल है।

फ्रेमवर्क के अनुसार क्वाड साझेदार ई-कचरे और अन्य स्क्रैप सामग्री से महत्वपूर्ण खनिजों की रिकवरी और उपयोग को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करने का इरादा रखते हैं, ताकि आपूर्ति श्रृंखला को बढ़ाया जा सके और क्वाड साझेदार तथा समान विचारधारा वाले देशों के भीतर मौजूद महत्वपूर्ण खनिजों की रीसाइक्लिंग को बढ़ावा दिया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित