पंचकूला , जुलाई 31 -- हरियाणा में पंचकूला पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुररानी क्षेत्र में तड़के दो स्थानों पर छापेमारी कर अवैध खनन में लगे पांच वाहनों को जब्त किया है। पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पंचकूला पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस आयुक्त पंकज नैन के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत सुबह करीब चार बजे रायपुररानी थाना क्षेत्र के टांगरी नदी इलाके में अचानक छापा मारा गया। इस दौरान अवैध खनन में प्रयुक्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक ट्रैक्टर-लोडर को कब्जे में लिया गया।

इसके बाद सुबह करीब पांच बजे मौली गांव में दूसरी कार्रवाई की गई, जहां अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही एक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर पुलिस चौकी मौली लाया गया। कार्रवाई के तुरंत बाद खनन विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद सभी पांचों वाहनों को नियमानुसार इंपाउंड कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित