नरसाराओपेट , जून 26 -- आन्ध्र प्रदेश में पलनाडु जिले के माचेरला शहर के बाहरी इलाके नागरावनम में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गयी और नौ अन्य घायल हो गये। हादसा उस समय हुआ जब यात्रियों से भरी 'तूफान' वैन वहां खड़ी एक लॉरी से टकरा गयी।
पुलिस ने बताया कि 13 लोग हैदराबाद से पामुरु गांव जा रहे थे, ताकि वे अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें। वैन एक खड़ी लॉरी से पीछे से टकरा गयी, जिससे कादिरी वेंकटेश्वरुलु, कादिरी सारदा, सत्यनारायण और पिडुगु सारदा की मौत हो गयी।
पुलिस के अनुसार, हादसे में नौ अन्य लोग घायल हुए और उन्हें माचेरला के सामान्य सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनमें से तीन की हालत बहुत गंभीर बताई जा रही है। मृतक और घायल सभी लोग हैदराबाद शहर के निवासी थे।
टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि वैन लोहे के मलबे में बदल गयी, पुलिस को वैन से शव निकालने में दो घंटे से ज़्यादा का समय लगा। पुलिस ने बताया कि वैन का चालक झपकी ले रहा था, जिसके कारण वैन खड़ी लॉरी से टकरा गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित