बैतूल , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल-परतवाड़ा स्टेट हाईवे पर केरपानी घाट में सड़क किनारे खड़ी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने पर 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान झल्लार थाना क्षेत्र के ग्राम जमन्या निवासी दुर्गेश कासदेकर (17) के रूप में हुई है। वह गुरुवार रात अपने साथी के साथ बाइक से बैतूल से गांव लौट रहा था। केरपानी घाट पहुंचने पर उनकी बाइक सड़क पर खड़ी ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में दुर्गेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर झल्लार थाना प्रभारी वाहिद खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर का टायर पंचर होने के बाद चालक ईंटों से भरी ट्रॉली सड़क पर छोड़कर ट्रैक्टर लेकर मौके से चला गया था। पुलिस के अनुसार ट्रॉली के पीछे कोई रिफ्लेक्टर, चेतावनी त्रिकोण, लाल झंडी अथवा अन्य सुरक्षा संकेत नहीं लगाए गए थे, जिससे रात में आने-जाने वाले वाहन चालकों को खतरे की जानकारी मिल सके।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित