खटीमा , अगस्त 11 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में पुलिस ने मंगलवार को वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दो आरोपी विधि विवादित किशोरों को बालकों को संरक्षण में लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली खटीमा और झनकट चौकी की टीम की ओर से संयुक्त जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो विधि विवादित किशोरों को मोटरसाइकिल के साथ संरक्षण में लिया।

जांच में उक्त मोटरसाइकिल चोरी की निकली। जिसके संबंध में कोतवाली खटीमा में मामला दर्ज हैं। पूछताछ में दोनों ने पूर्व में चोरी की गई अन्य मोटरसाइकिलों को ओकलैण्ड होटल से करीब 500 मीटर आगे आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके से सात अन्य मोटरसाइकिलों को कब्जे में लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए बरामद मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट हटा दी थी। पुलिस बरामद मोटर साइकिल के संबंध में अन्य थानों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद मोटरसाइकिलों का संबंध अन्य वाहन चोरी की घटनाओं से तो नहीं है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्या, उपनिरीक्षक अशोक कांडपाल, उपनिरीक्षक एवं विवेचक भुवन चंद्र गहतौड़ी, कांस्टेबल नवीन रजवार, कांस्टेबल देवेंद्र सिंह और पीआरडी बीरेंद्र सिंह शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित