खटीमा , फरवरी 21 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृहनगर खटीमा में बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्यारा मृतका का भतीजा ही निकला।
ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने इस मामले खुलासा करते हुए बताया कि विगत 18 फरवरी की देर रात में को सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में वृद्धा जानकी चंद की हत्या कर दी गई थीपुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। हत्यारे को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया। आरएफएसएल की टीम ने फिंगरप्रिंट सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए। मृतका के पुत्र की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कई पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान टीमों ने 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और लोगों से पूछताछ में मृतका के भतीजे निवासी आदर्श कॉलोनी, डिग्री कॉलेज रोड, खटीमा का नाम सामने आया।
आखिरकार खटीमा पुलिस ने आरोपी को आज झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह हरियाणा के नांगल कस्बे में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। पैसों की जरूरत के चलते वह 17 फरवरी की शाम मुंह पर मफलर बांधकर अपनी ताई के घर पहुंचा। उनके साथ भोजन किया और मौका पाकर मफलर से मुंह व गला दबाकर हत्या कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित