खटीमा , सितंबर 25 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह नगर खटीमा में कूड़ा प्रबंधन (ठोस एवं तरल अपशिष्ट) के लिए कॉरपोरेट सेक्टर आगे आया है। नेस्ले कंपनी ने अपने सीएसआर मद से सात इलेक्ट्रिक कचरा कलेक्शन वाहन उपलब्ध कराए हैं। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कुल 15 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री धामी के आह्वान पर जारी ये वाहन धर्मपुर, छत्तरपुर, बिंदूखेड़ा (फौजी मटकोटा), कीरतपुर, बागवाला, दानपुर और नगला तराई क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण के उपयोग किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त ब्रिटानिया की ओर से हेल्थ एवं न्यूट्रीशियन सामग्री भी प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अपशिष्ट प्रबंधन का यह आत्मनिर्भर मॉडल न केवल ग्राम पंचायतों में स्वच्छता का नया स्तर तय करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ वातावरण भी प्रदान करेगा तथा जन-भागीदारी व आधुनिक संसाधनों के समन्वय से उत्तराखंड को देश का अग्रणी एवं स्वच्छ राज्य बनाने की दिशा में यह पहल कारगर सिद्ध होगी।

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश सासनी ने बताया कि ऊधमसिंह नगर जिले में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन का आत्मनिर्भर मॉडल लागू किया गया है। इसके तहत जिले के सभी सात विकासखंडों की 373 ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए 71 क्लस्टरों के माध्यम से कूड़ा निस्तारण की कार्ययोजना तैयार की गई है। नगर निकायों से लगे गांवों के साथ भी एमओयू किया गया है, जिसके तहत खटीमा की 13, सितारगंज की 25, रुद्रपुर की 13, गदरपुर की 13, बाजपुर की 4, काशीपुर की 15 एवं जसपुर की 10 ग्राम पंचायतों में नगर पालिका व नगर निगमों के साथ ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन हेतु समझौता किया गया है।

उन्होंने बताया कि जिले के छह विकासखंडों में रुद्रपुर के खामिया नंबर एक, सितारगंज के कुंवरपुर, गदरपुर के सरोवर नगर, बाजपुर के बरवाला, काशीपुर के शिवलालपुर एवं अमरजंडा तथा जसपुर के खेड़ा लक्ष्मीपुर में जिला पंचायत द्वारा कॉम्पेक्टर का संचालन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सीएसआर एवं जिला योजना के माध्यम से और वाहनों की व्यवस्था भी की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी के अनुसार, अपशिष्ट प्रबंधन हेतु कुल 231 वाहनों का बेड़ा तैयार किया गया है, जिसमें स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के 134 ई-रिक्शा एवं 75 ट्रैक्टर-ट्रॉली, नेस्ले कंपनी के सीएसआर से सात वाहन, अशोका लीलैंड से दो वाहन, रीप परियोजना से तीन वाहन तथा नगर निगम रुद्रपुर से तीन वाहन शामिल हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, नेस्ले इंडिया की कॉर्पोरेट मामलों एवं सतत विकास निदेशक कुंवर हिम्मत सिंह एवं विशाल गर्ग सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित