देहरादून , जून 22 -- उत्तराखंड के समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने सोमवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र राजपुर के अंतर्गत, आगामी वर्षाकाल में सम्भावित समस्याओं से निपटने की तैयारियों के संबंध में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की।

श्री दास ने विभिन्न कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि आमामी वर्षा से पहले सभी संचालित कार्यों पर तेजी से कार्य किये जाए, जिससे आम जन-मानस को परेशानी न झेलनी पड़े। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, नालों की साफ-सफाई तथा सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी जरूरी कार्य समय से पूर्ण कर लिए जाए। उन्होंने मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) से किसी जिम्मेदार अधिकारी के बैठक में उपस्थित न होने पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिये कि आगामी बैठक में एमडीडीए के किसी उच्च अधिकारी को साथ बैठक में प्रतिभाग करें जिससे जनहित में उचित निर्णय लिये जा सके। बैठक में एमडीडीए अभियंता ने अवगत कराया कि आढ़त बाजार की शिफ्टिंग ब्राह्नमण वाला में किए जाने सम्बन्धी कार्य लगभग 95 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रभावित आढ़तियों को मुआवजा देने का कार्य भी गतिमान है तथा अब तक लगभग 78 से अधिक रजिस्ट्रियां कराई जा चुकी हैं।

मंत्री ने विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत पेयजल सम्बन्धी समस्याओं पर भी चर्चा की। उन्होंने पलटन बाजार क्षेत्र की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली तथा प्रिंस चैक पर जलभराव को लेकर होने वाली परेशानियों के निवारण के लिए व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया। इस सम्बन्ध में अधिकारियों ने अवगत कराया कि दर्शनलाल चौक से प्रिंस चौक तक स्ट्रोम वाटर ड्रेनेज वाटर प्लान के लिए शासन द्वारा 29.14 करोड़ रुपये की ईएफसी हो चुकी है। उन्होंने लोनिवि विभाग से कांवली रोड़, सुभाष रोड़ तथा मार्डन काॅलोनी रोड़ की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए मानसून से पहले ही उक्त सड़कों को सुचारू किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की हालात में सुधार हों इसके लिए सभी सम्बन्धित अधिकारी तत्परता दिखाएं तथा लम्बित कार्यों को पूर्ण करें। उन्होंने परेड ग्राउण्ड की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गांधी पार्क की तर्ज पर ही परेड ग्राउण्ड की व्यवस्थाएं भी सुदृढ़ की जाए।

समाज कल्याण मंत्री ने सभी कार्यदायी संस्थाओं से आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति प्रदान करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनकार्याें के प्रति संवेदनशीलता बनाये रखें तथा अपने अपने कत्र्तव्यों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित