खगड़िया, मई 18 -- बिहार में खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र में सोमवार कोसड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गयी, तथा पांच अन्य घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय उच्च पथ 31 स्थित पथिक लाइन होटल ठाठा के समीप महेशखूंट से खगड़िया की ओर जा रहा एक ऑटो रिक्शा ओवरटेक करने के दौरान ट्रक, सफारी गाड़ी और पिकअप वाहन से टकरा गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।मृतकों में एक की पहचान अनीता देवी के रूप में हुई है, जबकि अन्य पांच मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। हादसे में घायल पांच लोगों का इलाज चल रहा है।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं विधायक बबलू मंडल ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और परिजनों से मुलाकात की।

पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हैं। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है तथा मानसी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित