खगड़िया , जून 01 -- बिहार में खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर अपराधियों ने एक ही परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई तथा चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि मृतका की पहचान अर्चना कुमारी (28) के रूप में की गई है। वह कुछ महीने पहले ही अपने मायके आई हुई थी। हमले में घायल लोगों में अर्चना के पिता जयकांत पासवान, उसकी मां पार्वती देवी,पुत्री परी कुमारी और पुत्र यश कुमार शामिल हैं।
सूत्रों ने बताया कि रविवार देर रात परिवार के सभी सदस्य अपने घर में सो रहे थे, तभी अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद सभी घायलों को सोमवार सुबह सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने अर्चना कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।बताया जा रहा है कि परिवार का पहले से भूमि विवाद चल रहा था और आशंका है कि इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर सदर डीएसपी-1 मुकुल रंजन मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की छानबीन में जुट गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित