पौड़ी गढ़वाल,03अप्रेल(वार्ता) उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड पोखड़ा के ग्राम भटकोट में एक 4 वर्ष की बालिका को गुलदार ने अपना निवाला बनाया तो वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग से ऐसी घटनाओँ पर रोक लगाने की अपील की।

घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गयी है तथा वन विभाग द्वारा सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

वहीं वनाधिकारी महातिम यादव ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने एवं गुलदार की निगरानी के लिए वन विभाग द्वारा व्यापक कदम उठाए गए हैं। घटनास्थल के आसपास 10 कैमरा ट्रैप, 02 सोलर सीसीटीवी कैमरे तथा 02 पिंजरे स्थापित किए गए हैं। साथ ही, आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं ताकि वन्यजीव की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने बताया कि निरंतर निगरानी हेतु 15-15 सदस्यीय दो विशेष दल गठित कर क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गयी है। इसके अतिरिक्त गुलदार को पकड़ने, ट्रेंकुलाइज करने अथवा आवश्यक होने पर अंतिम विकल्प अपनाने के लिए उच्चाधिकारियों को अनुमति हेतु प्रस्ताव प्रेषित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित