जौनपुर , मार्च 22 -- पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि प्राचीन काल से लेकर आज तक राष्ट्र और समाज के निर्माण में क्षत्रियों का योगदान महत्वपूर्ण रहा है और आज भी उनमें नेतृत्व क्षमता मौजूद है।

रविवार को तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज के मार्कण्डेय सिंह सभागार में बैस क्षत्रिय राष्ट्रीय एकता मंच द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि इतिहास को एक ही दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए और स्वतंत्रता संग्राम में चंद्र शेखर आजाद, भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस जैसे महानायकों का भी अहम योगदान रहा है।

उन्होंने युवाओं से हनुमान चालीसा का पाठ करने का आग्रह करते हुए कहा कि इसमें बल, बुद्धि और विद्या की कामना की गई है, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक हैं। साथ ही छात्रों को जमीन से जुड़े रहने की भी सलाह दी।

कार्यक्रम में उन्होंने होली गीत प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विधान परिषद सदस्य ब्रजेश सिंह 'प्रिंसू' और पूर्व विधायक हरेन्द्र सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कुंवर जय सिंह बाबा ने की, जबकि संचालन डॉ. सुनील कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर धर्मराज सिंह, डॉ. महेंद्र सिंह, दयाशंकर सिंह, अनिल कुमार सिंह, ओमप्रकाश सिंह, प्रेमप्रकाश सिंह, डॉ. वीरेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित