धार , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक क्षतिग्रस्त वाहन से बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। विभाग ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आबकारी विभाग के अनुसार, धरमपुरी तहसील के ग्राम धेगदा रोड पर देर रात रात्रि गश्त के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो वाहन के क्षतिग्रस्त अवस्था में लावारिस खड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से देशी प्लेन मदिरा, ले माउंट केन बीयर, किंगफिशर केन बीयर, लंदन प्राइड और मैजिक मूमेन्ट ऑरेंज वोदका सहित विभिन्न प्रकार की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। विभाग के अनुसार वाहन से कुल 171.5 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई है।
जब्त शराब और वाहन का अनुमानित मूल्य करीब 8 लाख 71 हजार 570 रुपये बताया गया है। वाहन में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला, जिसके बाद अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
सहायक आबकारी आयुक्त दीपक अवस्थी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रशांत मंडलोई के नेतृत्व में आबकारी आरक्षक पुरुषोत्तम गौतम, प्रियंका सोलंकी और नगर सैनिक गोविंद वास्केल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित