भिण्ड , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के अटेर अनुभाग के पावई थाना क्षेत्र से लापता 45 वर्षीय एक युवक का शव क्वांरी नदी में घटनास्थल से लगभग 40 किलोमीटर दूर ऊमरी थाना क्षेत्र के कचौगरा गांव के पास बरामद किया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पावई गांव निवासी मातादीन (45) सात जुलाई को अपने कुछ साथियों के साथ क्वांरी नदी में मछली पकड़ने गया था। सभी लोग नदी में जाल डालकर पानी में उतरे, तभी तेज बहाव में मातादीन बह गया। घटना के बाद उसके साथ मौजूद लोग बिना किसी को सूचना दिए वापस लौट आए।

नौ जुलाई को परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को नदी किनारे जंगल में कुछ कपड़े मिले, जिनकी पहचान परिजनों ने मातादीन के कपड़ों के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने उसके साथ गए लोगों से पूछताछ की, जिसमें नदी में बह जाने की घटना सामने आई।

पुलिस ने 11 जुलाई से ग्रामीणों के सहयोग से नदी किनारे तलाश शुरू की। 13 जुलाई को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दो दिनों तक लगभग 80 किलोमीटर क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया।

मंगलवार देर शाम ऊमरी थाना क्षेत्र के कचौगरा गांव के पास नदी किनारे झाड़ियों में शव फंसा मिला। रेस्क्यू टीम ने शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां परिजनों ने उसकी पहचान मातादीन के रूप में की। ऊमरी थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि शव बरामद होने के बाद मर्ग कायम कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित