जयपुर , जुलाई 27 -- राजस्थान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड ने बताया है कि क्लेम के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए क्लेम रिव्यू कमेटी व्यवस्था के तहत एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर से संबद्ध अस्पतालों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गयी है और अब तक प्राप्त 98 हजार 22 शिकायतों में 70 हजार 610 मामलों (लगभग 72 प्रतिशत) की जांच पूरी की जा चुकी है तथा 26 हजार 698 पात्र मामलों में 19.61 करोड़ की राशि स्वीकृत की गयी है।

श्रीमती राठौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत सरकारी अस्पतालों के क्लेम के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए क्लेम रिव्यू कमेटी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया गया है और विभाग ने मिशन मोड में कार्य करते हुए नयी व्यवस्था लागू की गयी है। जिसके तहत क्लेम रिव्यू कमेटी टीम स्वयं संबंधित अस्पतालों में पहुंचकर क्लेम मामलों की सुनवाई कर रही है।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजस्थान स्टेट हैल्थ एश्योरेंस एजेंसी हरजीलाल अटल ने बताया कि अस्पतालवार स्थिति के अनुसार एसएमएस अस्पताल में सर्वाधिक 74,524 शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें 47,680 मामलों की जांच पूरी कर 17,329 मामलों में 14.48 करोड़ की राशि स्वीकृत की गयी है । उन्होंने बताया कि एसएसबी अस्पताल में 4,229 अपील का शत-प्रतिशत निस्तारण करते हुए 1,694 मामलों में 91.53 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार जेके लोन अस्पताल में 4,531 मामलों में 1.51 करोड़ की राशि, जनाना अस्पताल में 1,431 मामलों में 1.50 करोड़, तथा एससीआई अस्पताल में 783 मामलों में 76.70 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन चारों अस्पतालों में क्लेम रिव्यू कमेटी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। वहीं महिला अस्पताल में 930 मामलों में 43.93 लाख की राशि की स्वीकृति दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित