मुंबई , जुलाई 13 -- टाटा समूह की टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद रिटेल कंपनी क्रोमा ने अपने खुद के उत्पादों के लिए डिवाइस केयर कंपनी ऑनसाइटगो की सहायक कंपनी क्यूडीजी को देश भर में सर्विसिंग का एकाधिकार देने की घोषणा की है।
क्रोमा ने मंगलवार को बताया कि उसने क्यूडीजी को अपना एकमात्र अधिकृत सर्विस पार्टनर नियुक्त किया है। साझेदारी के तहत क्रोमा के अपने उत्पादों के लिए उत्पाद इंस्टॉलेशन, मरम्मत, रखरखाव और स्पेयर पार्ट्स के आद्यांत प्रबंधन की जिम्मेदारी क्यूडिजी संभालेगी।
क्रोमा की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मजबूत तकनीकी व्यवस्था और देशव्यापी सर्विस नेटवर्क के साथ यह साझेदारी लाखों क्रोमा ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने के उद्देश्य से की गयी है। इसके तहत एयर कंडीशनर, रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, टेलीविजन और छोटे घरेलू उपकरणों सहित विभिन्न श्रेणियों के उत्पादों के लिए सेवा उपलब्ध करायी जायेगी।
क्यूडीजी पिछले छह महीने से क्रोमा उत्पादों की सर्विसिंग की जिम्मेदारी संभाल रही थी। इस दौरान तकनीकी प्रणालियों का एकीकरण जारी था। अब उसे एकाधिकार प्रदान कर दिया गया है। क्यूडीजी के देश भर में 550 से अधिक सर्विस सेंटर हैं। क्रोमा के सीआरएम प्लेटफॉर्म और ऑनसाइटगो की स्वामित्व वाली तकनीकी प्रणालियों के एकीकरण से सेवा अनुरोधों का स्मार्ट आवंटन, रियल-टाइम ट्रैकिंग और पूरी सेवा प्रक्रिया पर पारदर्शी निगरानी सुनिश्चित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित