भरतपुर , मई 30 -- राजस्थान में भरतपुर में भुसावर थाना क्षेत्र के घाटरी गांव में एक नामजद क्रेशर मालिक द्वारा ग्रामीणों पर की गई कथित गोलीबारी से अफरातफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोलीबारी में कई ग्रामीण बालबाल बच गए। इस मामले को लेकर किसान श्योदान सिंह ने क्रेशर मालिक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी क्रेशर मालिक द्वारा पीड़ित किसान के खेत मे होकर पक्का रास्ता बनवाने के लिए डाली गई निर्माण सामाग्री का विरोध करने पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बदमाशों के साथ गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया गया।

गोलीबारी की घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है जिसमें आरोपी क्रेशर मालिक के हाथ मे एक तमंचा और साथ में लाठी डंडों से लैस कई लोग मौके पर हंगामा करते नजर आ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित