रायपुर , दिसंबर 17 -- आगामी क्रिसमस और नव वर्ष के मद्देनजर केक एवं बेकरी उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए छत्तीसगढ़ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने रायपुर में व्यापक जांच अभियान चलाया है।

नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर की विभिन्न विनिर्माण इकाइयों का सघन निरीक्षण किया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य उत्सव के दौरान आमजन को मिलावट रहित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान टीम ने शहर की प्रमुख बेकरी इकाइयों से कुल 17 नमूने भरे हैं। रायपुर के मालवीय रोड स्थित बेकरी से स्पंज केक और ब्रेड के नमूने लेकर उन्हें सुधार नोटिस जारी किया गया है। वहीं समता कॉलोनी में एक दुकान में अत्यधिक अस्वास्थ्यकर परिस्थितियां पाए जाने पर विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए फर्म की मशीनरी को एक सप्ताह के लिए सील कर दिया है। यहाँ से केक मिक्स और कुकीज सहित चार विधिक नमूने लिए गए हैं। इसके अलावा कई अन्य बड़े़ ब्रांड की इकाइयों की भी जांच की गई। यहां से भी कुकीज, रस्क और मैदा के नमूने संग्रहित किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित