हैदराबाद , जुलाई 21 -- तेलंगाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य की कांग्रेस सरकार प्रस्तावित कोर अर्बन रीजन इकोनॉमी (क्योर) अधिनियम और इंदिरम्मा आवास योजना के जरिए गरीबों और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ डाल रही है।

पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री राव ने आरोप लगाया कि सरकार सुधारों और जनकल्याण योजनाओं की आड़ में कर, जमा राशि और आवेदन शुल्क के माध्यम से लोगों से धन वसूल रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान शहरी आवश्यकताओं के अनुरूप 1955 के नगर पालिका अधिनियम में संशोधन करने पर भाजपा को कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन क्योर अधिनियम के कई प्रावधान नागरिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ाने वाले हैं।

उन्होंने संपत्ति पंजीकरण मूल्य के आधार पर हर वर्ष पांच प्रतिशत तक कर वृद्धि के प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि इसके पीछे कोई वैज्ञानिक कर नीति नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जलापूर्ति और सीवरेज सेवाओं को अलग-अलग कर उन पर अलग कर लगाने की योजना बना रही है, जिससे आम परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

श्री राव ने कहा कि भाजपा विधानसभा में इस विधेयक का पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विधेयक संविधान के 74वें संशोधन की भावना के विपरीत है, इसमें जवाबदेही का अभाव है और पार्षदों, वार्ड सदस्यों तथा अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों की भूमिका स्पष्ट नहीं की गयी है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने निवासी कल्याण संघों और अन्य हितधारकों से परामर्श किये बिना यह विधेयक तैयार किया है। इंदिरम्मा आवास योजना पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यह योजना गरीबों को लाभ पहुंचाने के बजाय उनसे धन एकत्र करने का माध्यम बन गयी है। उन्होंने दावा किया कि 24 विधानसभा क्षेत्रों में लाखों पात्र आवेदकों के बावजूद सरकार ने केवल 7,680 फ्लैटों की अधिसूचना जारी की है, जबकि प्रत्येक आवेदक से 100 रुपये आवेदन शुल्क और 10,000 रुपये की वापसी योग्य जमानत राशि ली जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के जरिए सरकार लगभग एक हजार करोड़ रुपये एकत्र करना चाहती है। उन्होंने इसकी तुलना पूर्ववर्ती भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार की भेड़ वितरण योजना से करते हुए कहा कि उसमें भी लोगों से जमा राशि ली गयी थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि सद्भावना, अभिमान (जवाहरनगर), पोचारम, चंदानगर, साहीरा (गाजुलारामाराम), भोलकपुर और जवाहरनगर में पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा निर्मित सैकड़ों मकान आज भी खाली पड़े हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग आवास की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस और बीआरएस, दोनों सरकारों पर इन मकानों की मरम्मत कर पात्र लाभार्थियों को आवंटित करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत केंद्र द्वारा वित्तपोषित आवास सहायता का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मांग की कि पहले से निर्मित सभी मकान पात्र लाभार्थियों को नि:शुल्क आवंटित किये जायें तथा अब तक आवंटन न होने की व्यापक जांच करायी जाये।

श्री राव ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) चुनावों से पहले राजनीतिक प्रचार के लिए आवास योजना का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में गरीबों को आवास देना चाहती है तो सभी पात्र लाभार्थियों को मकान उपलब्ध कराये, न कि केवल चुनिंदा लोगों को।

इससे पहले सामाजिक कार्यकर्ता जॉय माइकल डी'सूजा, व्यवसायी दिनेश कुमार और उद्यमी श्रवण कुमार सामा सहित कई लोगों ने श्री राव की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने नये सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित