हरिद्वार , जुलाई 18 -- उत्तराखंड में हरिद्वार परिवहन विभाग ने नागरिक सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में शनिवार को एक नई पहल करते हुए संभागीय परिवहन कार्यालय, हरिद्वार में 'ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट' की शुरुआत की है। इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से अब आमजन परिवहन विभाग से जुड़ी अधिकांश जानकारियां अपने मोबाइल फोन पर ही आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

कार्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर क्यूआर (क्यूआर) कोड युक्त स्टैंड स्थापित किए गए हैं। नागरिक इन क्यूआर कोड को स्कैन कर चैटबॉट के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, वाहन कर (टैक्स), परमिट, फिटनेस, ग्रीन कार्ड सहित परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, निर्धारित शुल्क तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां तुरंत प्राप्त कर सकेंगे। इससे लोगों को बार-बार पूछताछ काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और समय की भी बचत होगी।

कार्यालय में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार करते हुए लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम भी संचालित किया गया है। इसके माध्यम से आवेदक अपने टोकन की वर्तमान स्थिति तथा संबंधित काउंटर की जानकारी डिजिटल स्क्रीन पर देख सकते हैं। इससे प्रतीक्षा व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होने के साथ ही कार्यालय की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और कार्यकुशलता भी बढ़ी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित