कौशांबी , जुलाई 29 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के चरवा थाना क्षेत्र स्थित एक परिषदीय प्राथमिक विद्यालय में दो छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद घायल हुए छात्र की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
मामले में प्रथम दृष्टया विद्यालय प्रशासन की लापरवाही पाए जाने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापक, पांच सहायक अध्यापकों और एक शिक्षामित्र सहित सात शिक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार चरवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर सुधवर स्थित परिषदीय प्राथमिक विद्यालय में गत गुरुवार को कक्षा पांच के छात्र विहान (13) का सहपाठी साहिल से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान साहिल ने विहान का गला दबा दिया। परिजनों के अनुसार घर पहुंचने के बाद विहान को खाना खाने और सांस लेने में परेशानी होने लगी। पूछने पर उसने बताया कि एक छात्र ने उसका गला दबाया था। उसने यह भी कहा कि उसने घटना की शिकायत प्रधानाध्यापक और कक्षा अध्यापक से की थी, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
शुक्रवार को हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल मंझनपुर ले गए, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मृत्यु हो गई।
छात्र की मौत से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव लेकर विद्यालय पहुंच गए और प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक वहां से चले गए।
मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुशवाहा ने कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में प्रधानाध्यापक योगेश सिंह, सहायक अध्यापक रत्नाकर सिंह, शालिनी सिंह, उमेश सिंह, अस्मिता श्रीवास्तव, मनोज मिश्रा तथा शिक्षामित्र विजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
चरवा थाना प्रभारी महेश सिंह ने बताया कि आरोपी छात्र तथा लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के विरुद्ध तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित