कौशांबी , जून 15 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को ड्यूटी पर जा रहे एक सफाई कर्मचारी को उसके ही बेटे ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के छत्तूपुर गांव निवासी रामनरेश (48) कलेक्ट्रेट में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार सुबह वह रोज की तरह बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। उनके साथ उनका पुत्र राहुल भी मौजूद था। बताया गया कि बीपी पब्लिक स्कूल के पास पहुंचने पर राहुल ने बाइक रुकवा ली। इससे पहले कि रामनरेश कुछ समझ पाते, राहुल ने कट्टा निकालकर उनके सीने पर दो गोलियां दाग दीं और मौके से फरार हो गया।

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल रामनरेश को मौके पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी सक्रिय हो गए। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार प्रजापति ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पुत्र ने अपने पिता पर जानलेवा हमला किन परिस्थितियों में किया, इसकी जांच की जा रही है। मामले के पीछे पारिवारिक विवाद या अन्य किसी कारण की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित