कौशांबी , जून 22 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के महेवाघाट थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर कार और एंबुलेंस की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक महिला और उसके आठ माह के पुत्र की मृत्यु हो गई, जबकि कार सवार पिता और पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रतापगढ़ जिले के कुंडा निवासी फैजल फारूकी अपनी पत्नी सायना फारूकी (35), पुत्री मनाल तथा आठ माह के पुत्र अब्बास के साथ कार से चित्रकूट जिले के राजापुर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरसवां के निकट सामने से आ रही एक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर उनकी कार से टकरा गई। हादसे में सायना फारूकी और उनके पुत्र अब्बास की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि फैजल फारूकी और उनकी पुत्री मनाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को उपचार के लिए प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित