कौशांबी , फरवरी 24 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात खड़े ट्रेलर में पीछे से गेहूं लदा ट्रक घुस गया। हादसे में ट्रक चालक और ट्रेलर चालक की मृत्यु हो गई, जबकि ट्रेलर का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार राजस्थान के बीकानेर जनपद के थाना पुगड़ी क्षेत्र के ग्राम मेली ताड़ई निवासी ट्रेलर चालक भंवर सिंह (45) और खलासी उमेश सिंह (50) कानपुर से बनारस की ओर जा रहे थे। प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कशिया पश्चिम गांव के पास ट्रेलर में तकनीकी खराबी आ गई। चालक ने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर उसे ठीक करना शुरू किया।
इसी दौरान सोमवार देर रात कानपुर की ओर से आ रहा गेहूं लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पीछे से ट्रेलर में जा भिड़ा। दुर्घटना में ट्रक चालक अजय कुमार (40) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उसका शव केबिन में फंस गया, जिससे करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
घटना में ट्रेलर चालक भंवर सिंह और खलासी उमेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर ले जा रही थी, जहां रास्ते में भंवर सिंह ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घायल खलासी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित