कौशांबी , मई 13 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र में मंगलवार आधी रात एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा जाने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के नबीपुर गांव निवासी छह लोग एक शादी समारोह में शामिल होकर कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कमासिन गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में राजेश यादव और अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल छविनाथ और अनिल कुमार ने प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

दुर्घटना में दिगंबरपुर मलवा निवासी अनिल (30), प्रदीप और राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित