कौशांबी , मई 20 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते पत्नी द्वारा ईंट से हमला किए जाने पर पति की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि पभोसा गांव निवासी पप्पू केवट (42) शराब पीने का आदी था। इसी बात को लेकर उसका पत्नी गुड़िया से आए दिन विवाद होता रहता था। मंगलवार देर रात पप्पू केवट शराब पीकर घर पहुंचा, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित गुड़िया ने ईंट से पति पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बुधवार सुबह परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित