कौशांबी , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के सराय अकिल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक विवाहिता का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सराय अकिल थाना क्षेत्र के रसूलपुर टप्पा गांव निवासी पंकज की पत्नी शालिनी (32) का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पिता राकेश दिवाकर, निवासी बिसारा थाना कोखराज, ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की हत्या कर ससुराल पक्ष के लोगों ने शव को फंदे से लटका दिया है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित