कौशांबी , फरवरी 23 -- कौशांबी जिले में पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में तैनात एक हल्का लेखपाल को सोमवार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार शिकायतकर्ता भोलानाथ जायसवाल ने प्रयागराज स्थित विजिलेंस टीम से शिकायत की थी कि हैसियत प्रमाण पत्र बनाने के एवज में गांव सिंघवल में तैनात लेखपाल महेंद्र कुमार मौर्य उनसे 10 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने गिरफ्तारी की योजना बनाई। सोमवार को टीम चम्पहा बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान में पहले से मौजूद रही। शिकायतकर्ता ने लेखपाल को दुकान पर बुलाया और जैसे ही 10 हजार रुपये देने लगा, विजिलेंस टीम ने महेंद्र कुमार मौर्य को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी लेखपाल को अपने साथ लेकर रवाना हो गई। उप जिलाधिकारी सुखलाल प्रसाद ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी लेखपाल के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित