कौशांबी , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के शीतला धाम कड़ा क्षेत्र स्थित देवीगंज चौराहे पर बिना पूर्व अनुमति और सूचना के भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले विपक्षी दलों के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन करने के मामले में पुलिस ने जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष सहित पांच लोगों के विरुद्ध नामजद तथा कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता सार्वजनिक स्थल देवीगंज बाजार चौराहे पर एकत्र होकर नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों के नेताओं राहुल गांधी और अखिलेश यादव का पुतला दहन किया।

पुलिस का कहना है कि इस प्रदर्शन से यातायात और आम जनजीवन प्रभावित हुआ तथा आसपास की दुकानों और संपत्ति को क्षति पहुंचने की संभावना उत्पन्न हो गई। इससे लोक शांति और कानून व्यवस्था भी प्रभावित हुई। सूत्रों के अनुसार प्रदर्शन के लिए आयोजकों द्वारा न तो प्रशासन को पूर्व सूचना दी गई थी और न ही किसी प्रकार की अनुमति ली गई थी।

इस मामले में उपनिरीक्षक रवि मौर्य की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 189(2), 189(1), 189(5), 285 और 352 के तहत महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष नीति कनौजिया, महिला मंडल मोर्चा अध्यक्ष दीपा श्रीवास्तव, अजय शुक्ला, प्रदीप और अंजनी के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही कई अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित