कौशांबी , जुलाई 8 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के मंझनपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को पेड़ काटने के दौरान बिजली का पोल गिरने से उसकी चपेट में आकर एक तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि एक बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के टेवा गांव में आज सुबह एक पेड़ काटा जा रहा था। इसी दौरान पेड़ की एक मोटी डाल कटकर पास में स्थित विद्युत पोल पर गिर गई, जिससे पोल अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। इस हादसे में पोल की चपेट में आने से प्रिंस (3) की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि जानवी (5) गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल बालिका को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हादसे की परिस्थितियों और पेड़ कटान के दौरान बरती गई सावधानियों की भी पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित